चंडीगढ़। कौन कहता है कि पाकिस्तानी नागरिकों के दिल में भारत के प्रति नफरत है। यदि ऐसा होता, तो एक पाकिसतानी नागरिक कभी भी हाथ में लेकर भारत के तिरंगे को नही लहराता, ना ही भारत की शान में कसीदे पढ़ता। खासकर, उस वक्त, जब दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। बॉर्डर पर दोनों के देशों की सेनाएं आमने-सामने खड़ी हैं। बॉलीवुड से पाकिस्तानी कलाकार भाग खड़े हुए हैं, वहीं एक पाकिस्तानी भारत के तिरंगे को सलाम करता है भारत की शान बढ़े, इसके लिए दुआ करता है। जी हां, यह सच है। यह वाकया चंडीगढ़ का है। बेशक पाकिस्तान में कुछ असामाजिक तत्व लोगों को भारत के खिलाफ भड़काने का काम करते हैं। उनके दिलों में नफरत के बीच बोते हैं, लेकिन जब कोई पाकिस्तानी नागरिक भारत आता है, तो वह यही का होकर रह जाता है। वह यहां आदर सत्कार से अभिभूत हो जाता है। जब भारत और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर जबरदस्त तनाव है, ऐसे में यह नजारा एक अलग ही कहानी बयां करता है। ऐसा उदाहरण बिरले ही देखने को मिलता है।
हम आपको बता दें कि भारत आए पाकिस्तान के एनजीओ संचालक और समाजसेवी अफजल रहीम ने चंडीगढ़ में तिरंगा लहराकर शांति व भाईचारे का संदेश दिया। इतना ही नहीं अफजल ने कहा, भारत की शान बरकरार रहे और लगातार बढ़े।उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक भले अपने मनसूबे साधने के लिए युद्ध में यकीन रखते हों, लेकिन दोनों देशों की आवाम केवल अमन चाहती है। उन्होंने 11वें ग्लोबल यूथ पीस फेस्ट-2016 के समापन अवसर पर कहा कि भारत में जो प्यार और सम्मान मिलता है उसको लफ्जों में बयां नहीं किया जा सकता है।
गौरतलब है कि 11वें ग्लोबल यूथ पीस फेस्ट-2016 अंतिम दिन आयोजित समारोह में सभी देशों के प्रतिनिधियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पाकिस्तान के अफजल रहीम खुद को रोक नहीं पाए और हाथ में तिरंगा लेकर लहराने लगे। वह कह उठे भारत की शान हमेशा बढ़ती रहे। ज्ञातव्य है कि इस 11वें ग्लोबल यूथ पीस फेस्ट-2016 में दुनियाभर से शिष्टमंडलों ने हिस्सा लिया। इसमें जिन देशों ने शिरकत की, उनमें पाकिस्तान, फिजी, ब्राजील, नेपाल, भूटान, इंडोनेशिया, यूगांडा, फिलीपींस, फ्रांस, इंडोनेशिया, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, इटली, मलेशिया, मॉरीशस, लीबिया , साइरस , सेनेगल, जाम्बिया, ताइवान, जिम्बाववे, , अफगानिस्तान, अल्बेनिया और केन्या शामिल है।
Source - Patrika.com